वाराणसी : दो बाइकों की टक्कर के बाद डीसीएम ने युवक को रौंदा, मौत, दूसरा बाइक सवार घायल
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर बाजार में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आ रही डीसीएम ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फूलपुर थाना क्षेत्र के ताड़ी बाजार निवासी विष्णु गुप्ता (20) बाइक से वाराणसी की ओर जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर बाजार में एक होटल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी बाइक बगल से गुजर रही वीरापट्टी निवासी जगदीश पटेल (50) की बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
इसी बीच पीछे से आ रही डीसीएम की चपेट में विष्णु गुप्ता आ गए। डीसीएम की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगदीश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को काजीसराय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।