वाराणसी : सदर तहसील में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं ने दिया धरना, अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी। तहसील सदर में कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक मनमानी और कार्यों में अनियमितता को लेकर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से तहसील का कार्य वातावरण प्रभावित है, जिससे आम जनता और वादकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील सदर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कार्यालय में तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि फरियादियों के मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी की जा रही है तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है। इसके कारण न्यायिक एवं राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे अधिवक्ताओं और आम नागरिकों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। तहसील बार एसोसिएशन ने मांग की है कि जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित अधिकारी का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। फिलहाल मामले को लेकर अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है।