वाराणसी : बकाया शमन शुल्क जमा न कराने वाले निर्माणकर्ताओं पर होगी कार्रवाई, अपर सचिव ने दिए निर्देश
वाराणसी। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को जोन-1 की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्राधिकरण कक्ष में हुई इस बैठक की अध्यक्षता अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने की। इसमें लम्बित शमन मानचित्रों की प्रकरणवार समीक्षा और उनके शीघ्र निस्तारण पर चर्चा की गई। अपर सचिव ने बकाया शमन शुल्क जमा न कराने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
अपर सचिव ने जोन-1 के अंतर्गत लंबित मानचित्रों का बिंदुवार अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शमन मानचित्रों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि जोन-1 के वार्ड शिवपुर, सिकरौल एवं विन्यास में 26 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक शमन शुल्क मद में कुल 2 करोड़ 48 लाख 31 हजार 893 रुपये की धनराशि जमा कराई गई है। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल माह से अब तक कुल 8 करोड़ 72 लाख 8 हजार 728 रुपये की शमन राशि प्राधिकरण को प्राप्त हो चुकी है।
अपर सचिव ने स्वीकृत शमन पत्रावलियों के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जोनल अधिकारी को दिए। इसके साथ ही सील किए गए प्रकरणों की गहन जांच, अवैध रूप से उपयोग हो रहे बेसमेंट खाली कराए जाने तथा पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को भी प्राथमिकता दी गई। अपर सचिव ने निर्देश दिया कि सभी लंबित जनशिकायतों का निस्तारण अधिकतम एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लाटिंग का चिन्हांकन कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई और ध्वस्तीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
अंत में अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि सौंपे गए कार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रतिकूल दृष्टिकोण अपनाया जाएगा। समीक्षा बैठक में जोन-1 के जोनल अधिकारी सौरभ जोशी, अवर अभियंता जे.पी. गुप्ता, भवन लिपिक किरण सिंह सहित समस्त फील्ड कार्मिक उपस्थित रहे।