वाराणसी : गरीबों के राशन पर डाल रहे थे डाका, दो तराजू से ठगी करने वाले 16 कोटेदारों पर कार्रवाई
वाराणसी। जिले में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा खेल सामने आया है। गरीबों के हिस्से के राशन में घटतौली करने वाले 16 कोटेदारों पर बाट-माप विभाग ने कार्रवाई की है। जांच में खुलासा हुआ कि कई राशन दुकानदार बेहद चालाकी से दो अलग-अलग तराजुओं का इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं को कम राशन दे रहे थे। विभाग ने जनवरी से अप्रैल तक चले अभियान में इन कोटेदारों पर जुर्माना लगाया है और आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम अनाज दिया जा रहा है। इसके बाद बाट-माप विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान कई दुकानों पर अनियमितताएं पकड़ी गईं।
जांच में सामने आया कि कोटेदारों ने ठगी का सुनियोजित तरीका अपना रखा था। राशन वितरण के समय पहले उपभोक्ता का अंगूठा ई-पॉश मशीन पर लगवाया जाता था। इसके बाद डिजिटल तराजू पर सही वजन दिखाकर रिकॉर्ड को सही साबित किया जाता था। लेकिन जब राशन देने की बारी आती, तो दूसरे तराजू से पहले से कम तौला गया राशन उपभोक्ताओं को थमा दिया जाता था। इस तरह गरीबों के हिस्से का अनाज धीरे-धीरे गायब किया जा रहा था।
बाट-माप विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह गड़बड़ी लंबे समय से चल रही थी और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को कम राशन या गलत वजन की शिकायत हो तो वह विभाग में शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर तत्काल जांच की जाएगी।
राशन दुकानों के अलावा विभाग ने शहर की पांच मिठाई और बेकरी दुकानों पर भी जांच की। वहां भी वजन में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की गई। घटतौली के इस खुलासे के बाद आम लोगों में नाराजगी है।