वाराणसी : नशे की हालत में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

थाना कैंट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवक मजार के पास लगे टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
 

वाराणसी। थाना कैंट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक युवक मजार के पास लगे टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक युवक टावर के ऊपर चढ़ा हुआ है। टावर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी, जिससे स्थिति संवेदनशील बनती जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

जांच में युवक की पहचान इरफान (25 वर्ष) निवासी सद्भावना पार्क, सदर बाजार थाना कैंट के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इरफान नशे का आदी है और घटना के समय भी वह नशे की हालत में था। इसी अवस्था में वह टावर पर चढ़ गया, जिससे आसपास के लोगों में चिंता और भय का माहौल बन गया।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने लाया गया। अधिकारियों के अनुसार, युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।