वाराणसी : प्रेमी युगल ने थाने में रचाई शादी, घटों चली पंचायत

घर वाले शादी के लिए रजामंद नहीं हुए तो प्रेमी युगल ने थाने पहुंचकर शादी रचा ली। जानकारी के बाद थाने पहुंचे लड़का और लड़की के घर वालों के बीच घंटों पंचायत चली। इसके बाद तय हुआ कि लड़के वाले बारात लेकर लड़की के घर जाएंगे, तभी उसकी विदाई की जाएगी। 
 

वाराणसी। घर वाले शादी के लिए रजामंद नहीं हुए तो प्रेमी युगल ने थाने पहुंचकर शादी रचा ली। जानकारी के बाद थाने पहुंचे लड़का और लड़की के घर वालों के बीच घंटों पंचायत चली। इसके बाद तय हुआ कि लड़के वाले बारात लेकर लड़की के घर जाएंगे, तभी उसकी विदाई की जाएगी। 

प्रेमी युगल गुरुवार दोपहर को मिर्जामुराद थाने पहुंचे। थाना परिसर स्थित राम जानकी मंदिर में युवक ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की। बताया जा रहा है कि युवती की उम्र 21 वर्ष है और वह क्षेत्र के एक गांव की निवासी है, जबकि युवक सीमावर्ती गांव का रहने वाला है। दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से मोबाइल पर बातचीत होती रही, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। करीब दो साल पहले दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। उस समय लड़की इंटर में पढ़ती थी और लड़का 10वीं का छात्र था। पढ़ाई के दौरान शुरू हुई दोस्ती ने जल्द ही प्रेम का रूप ले लिया।

थाने में विवाह के बाद जब यह खबर परिजनों तक पहुंची, तो वे भी थाना परिसर पहुंचे। युवक-युवती एक ही जाति के हैं, फिर भी परिजन इस विवाह को तुरंत मानने के लिए तैयार नहीं हुए। घंटों चली पंचायत के बाद तय हुआ कि जब लड़के वाले बारात लेकर लड़की के घर आएंगे, तभी उसकी विदाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।