वाराणसी : दोस्तों के साथ काशी घूमने आया बिहार का युवक गंगा में डूबा, दो घंटे बाद मिला शव

चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट पर शनिवार दोपहर गंगा में नहाने के दौरान बिहार निवासी 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गौतम के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ काशी घूमने आया था। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया। इसके बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
 

सिंधिया घाट पर नहाते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में गया युवक, एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट पर शनिवार दोपहर गंगा में नहाने के दौरान बिहार निवासी 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गौतम के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ काशी घूमने आया था। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया। इसके बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गौतम अपने दोस्तों के साथ सिंधिया घाट पहुंचा था। यहां सभी गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। युवक को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौक थाने की पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और बचावकर्मियों ने गंगा में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने गौतम को गंगा से बाहर निकाला। पुलिस तत्काल उसे कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके साथ आए दोस्तों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने घटना की जानकारी गौतम के परिजनों को दे दी है। उनके वाराणसी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।