वाराणसी : मालगोदाम के पास जुआ खेल रहे 8 लोग गिरफ्तार, नकदी और ताश की गड्डियां बरामद

अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए में प्रयुक्त नकदी, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 

वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए में प्रयुक्त नकदी, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 2 जून को उपनिरीक्षक विकास सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मालगोदाम रोड स्थित एक पेड़ के नीचे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आठ लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपु कुमार, सूरज सोनकर, आशुतोष पाठक, संजय कुमार चौरसिया, गयासुद्दीन खान, कुंदन कुमार, शनी सेठ और संजय यादव शामिल हैं। सभी आरोपी विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर बैठकर ताश के पत्तों के माध्यम से हार-जीत की बाजी लगा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 240 रुपये नगद, आरोपियों की तलाशी से कुल 2,790 रुपये तथा दो खुली हुई ताश की गड्डियां बरामद कीं। बरामद ताश के पत्तों की संख्या 119 बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे कार्यों में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास सिंह, पार्थ तिवारी, प्रशांत बंधु, दुर्गा प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।