वाराणसी : अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट, कई नामजद समेत 60-70 पर मुकदमा

भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर इलाके में अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर इलाके में अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।

रानीपुर निवासी अधिवक्ता विशाल नारायण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और जबरन अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने घर में जमकर तोड़फोड़ की और ईंट-पत्थर चलाते हुए उत्पात मचाया। विरोध करने पर घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की गई।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने घर के सामान को भी नुकसान पहुंचाया और पूरे परिवार में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर बंशी, रवि, सुनील, राजेश सेठ, जालपा देवी, अनिल, जीत, कन्हैया और रामलखन समेत 60 से 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

घटना का महत्वपूर्ण साक्ष्य घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज है, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज को खंगाल रही है और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही नामजद तथा अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।