वाराणसी : पशु आरोग्य मेले में 454 पशुओं की जांच, निशुल्क दवाइयों का हुआ वितरण
वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बभनपुरा में पशुपालन विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय वृहद पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में छोटे-बड़े कुल 454 पशुओं की जांच कर पशुपालकों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान पशुओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें बीमारियों से बचाने के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
पशुचिकित्साधिकारी चिरईगांव डॉ. आरए चौधरी ने बताया कि मेले में 68 पशुपालकों के 234 बड़े पशुओं की जांच की गई। वहीं, रामलखन पाल की 220 भेड़ों की भी जांच की गई। पशुओं को निशुल्क कृमिनाशक दवाएं और मिनरल मिक्सचर वितरित किया गया। इसके अलावा सात पशुओं में बांझपन संबंधी समस्या की जांच कर पशुपालकों को आवश्यक दवाएं निशुल्क दी गईं।
मेले का उद्देश्य पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और पशुपालकों को पशुओं की देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन में पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। इस अवसर पर ग्राम प्रशासक बभनपुरा बसंत सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी प्रताप नारायण, सतीश सिंह, दुर्गेश सिंह, उधम सिंह, फार्मासिस्ट उमेश कुमार पांडेय, पैरावेट राजन सिंह, अजय कुमार, अभिषेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।