वाराणसी : स्कूल गई 14 वर्षीय छात्रा लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव से कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने प्रयागराज निवासी एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
परिजनों के अनुसार छात्रा सोमवार को अपने भाई के साथ रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। स्कूल जाने के बाद वह वापस घर नहीं पहुंची। निर्धारित समय तक छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर से आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
छात्रा की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि प्रयागराज निवासी युवक उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। मां के मुताबिक युवक पहले भी कई बार उनकी बेटी से शादी करने की बात कह चुका था। परिवार की ओर से नाबालिग होने के कारण इस प्रस्ताव को लगातार खारिज किया जाता रहा।
परिजनों का आरोप है कि युवक ने पहले उन्हें धमकी भी दी थी कि यदि उसकी शादी किशोरी से नहीं कराई गई तो वह उसे अपने साथ ले जाएगा। मां ने आशंका जताई कि इसी धमकी के बाद आरोपी सोमवार को छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद छात्रा की मां सोमवार शाम मिर्जामुराद थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम छात्रा की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर छात्रा के बारे में सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी प्राथमिकता है। मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ आरोपी की तलाश भी की जा रही है।