वाराणसी : पालक चराने को लेकर विवाद, दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चार महिलाओं समेत 11 घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लल्लापुर गांव में रविवार सुबह बकरी द्वारा पालक चराने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने लगीं। घटना में चार महिलाओं समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाते हुए गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
लल्लापुर गांव निवासी मिंटू बिंद के खेत में गांव के ही जमुना बिंद की आधा दर्जन बकरियां घुस गईं। बकरियों ने खेत में लगी पालक की फसल चरनी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और रॉड चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक पक्ष से संतलाल बिंद, उनकी पत्नी, अजय बिंद, मिंटू बिंद, सिंटू बिंद, उनकी 11 वर्षीय बेटी संजना तथा परिवार की बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से जमुना बिंद, उनकी पत्नी शक्ति देवी, बड़ा बेटा बिंदु और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।