UP College गोलीकांड: घटना के बाद छात्रों में उबाल, 5 मांगों पर आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना के बाद परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और न्याय की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।
शनिवार को छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मिला और अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बातचीत की। छात्रों ने मांग रखी कि मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इसके साथ ही उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक कॉलेज के प्राचार्य को पद से हटाने की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि रामनगर थाना पुलिस द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और लाठीचार्ज भी किया गया। इस पर छात्रों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें हटाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। इस पूरे मामले में शहर के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने छात्र प्रतिनिधि आकाश पटेल से वार्ता की और 24 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं एडीएम आलोक वर्मा ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक कॉलेज के प्राचार्य अपने पद का कार्यभार नहीं संभालेंगे।
छात्रों की पांचवीं प्रमुख मांग घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। प्रशासन की ओर से सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया गया है। एडीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि छात्रों और पुलिस प्रशासन के बीच वार्ता सकारात्मक रही और ज्ञापन में दी गई सभी मांगों पर विचार किया जा रहा है। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, ताकि आगामी एआरओ परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।