काशी पहुंचे केंद्रीय नागर विमानन मंत्री, कल शुरू होगी देश की पहली हब एंड स्पोक विमान सेवा
वाराणसी। भारत की प्रथम हब एवं स्पोक विमान संचालन व्यवस्था के शुभारंभ से पूर्व केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू दो दिवसीय प्रवास पर बुधवार को काशी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर प्रोटोकॉल प्रभारी एवं भाजपा किसान मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय ने उनका स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री 25 जून को वाराणसी से दिल्ली के लिए शुरू होने जा रही देश की पहली हब एवं स्पोक विमान सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस नई विमानन व्यवस्था को घरेलू हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे छोटे शहरों और प्रमुख एयर हब के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एयरपोर्ट परिसर में विभिन्न एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस प्रशासन, सीआईएसएफ के उच्चाधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी एजेंसियां कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि वाराणसी से दिल्ली के लिए प्रारंभ होने वाली यह सेवा देश में विमान संचालन के नए मॉडल की शुरुआत करेगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।