'एक पेड़ माँ के नाम' महाअभियान में मालवीय सेवा संस्थान ने "एक पौधा, एक संकल्प" अभियान के तहत लगाए 201 पौधे

 

 वाराणसी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रविवार को आयोजित 'एक पेड़ माँ के नाम' महावृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत मालवीय सेवा संस्थान ने अपने "एक पौधा, एक संकल्प" अभियान के तहत 201 पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

जिले को निर्धारित 18.50 लाख पौधारोपण के लक्ष्य से आगे बढ़ाने में जनसहभागिता के साथ मालवीय सेवा संस्थान ने भी सक्रिय योगदान दिया। संस्थान द्वारा लगाए गए पौधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मालवीय सेवा संस्थान के निदेशक श्री अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि "वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। यदि हम आज पौधे लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।" उन्होंने सभी नागरिकों से कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि मालवीय सेवा संस्थान का "एक पौधा, एक संकल्प" अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संस्थान का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को इस जनआंदोलन से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।

इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की अपील की।

मालवीय सेवा संस्थान सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ समाज को सशक्त बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।