मिशन शक्ति 5.0’ के तहत छात्राओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक

मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को लेकर रविवार को कैंट थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल ने छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
 

वाराणसी। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को लेकर रविवार को कैंट थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन में किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल ने छात्राओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ‘बेटियां हैं देश की शान, उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य का रखें पूरा ध्यान’ विषय पर चर्चा करते हुए बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए शासन एवं पुलिस की ओर से विभिन्न योजनाएं और सहायता सेवाएं संचालित की जा रही हैं। किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने छात्राओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 14567 वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही वाराणसी कमिश्नरेट की ओर से शुरू किए गए 9670705555 हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी बताया गया।

जागरुकता कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा और बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को देने को कहा।

पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। वरुणा जोन पुलिस की ओर से इस अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं सहायता के उपलब्ध साधनों की जानकारी दी जा रही है।