बरेका में अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज
वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना ( (बरेका) में गुरुवार से अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 7 से 10 मई तक आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर की सात प्रमुख टीमों की खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन बरेका के जनसंपर्क अधिकारी एवं सचिव बास्केटबॉल राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
उद्घाटन अवसर पर राजेश कुमार ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में राजर्षि क्लब, सनबीम सन सिटी, बरेका, सिगरा स्टेडियम, संत अतुलानंद (होलापुर), सनबीम भगवानपुर और सनबीम वरुणा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राजर्षि क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनबीम सन सिटी को 38-03 से हराया। दूसरे मैच में बरेका टीम ने सिगरा स्टेडियम को 44-15 से पराजित किया। वहीं तीसरे मुकाबले में संत अतुलानंद (होलापुर) की टीम ने सनबीम भगवानपुर को 31-11 से हराकर जीत दर्ज की।
खेल भावना और जोश से सराबोर रहा माहौल
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सचिव संस्थान आलोक कुमार सिंह, कोच एल.के. बिस्वाल, बाबी सिंह समेत कई खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।