जंसा में महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले दो युवक गिरफ्तार, मिशन शक्ति टीम की त्वरित कार्रवाई

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना जंसा पुलिस ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और अशोभनीय हरकत करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
 

वाराणसी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना जंसा पुलिस ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी और अशोभनीय हरकत करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को थाना जंसा की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में नियमित गश्त, महिला सुरक्षा अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चौखंडी स्थित नवनिर्मित फ्लाईओवर के पास दो युवक महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कस रहे हैं, अशोभनीय इशारे कर रहे हैं तथा हंसी-ठिठोली कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक वहां से भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चौखंडी पेट्रोल पंप के पास दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अखिलेश कुमार (35 वर्ष) पुत्र दिवाकर प्रसाद तथा रामनारायण उर्फ अमित कुमार (28 वर्ष) पुत्र छेदीलाल, दोनों निवासी ग्राम हाथी बाजार, थाना जंसा, वाराणसी के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना जंसा में मुकदमा अपराध संख्या 162/2026 के तहत धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में अभियोग पंजीकृत कर उन्हें नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़, फब्तियां कसने या उन्हें असहज करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक मंजू चौरसिया, महिला कांस्टेबल आस्था पाण्डेय, जागृति गोड़ तथा कांस्टेबल शुभम सिंह की सक्रिय भूमिका रही।