बनारस रेलवे स्टेशन पर जीआरपी-आरपीएफ को मिली कामयाबी, शराब के साथ दो तस्करों को पकड़ा
वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन विशेष अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन बनारस के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोच रेस्टोरेंट के पास फुट ओवरब्रिज के नीचे दो युवक भारी पिट्ठू बैग लेकर प्लेटफॉर्म की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक घबरा गए और वापस भागने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गौरव कुमार निवासी बिहार शरीफ, जिला नालंदा और राहुल कुमार निवासी अस्थामा, जिला नालंदा बताया। तलाशी लेने पर गौरव के बैग से 7 बोतल रॉयल स्टेज सुपीरियर व्हिस्की तथा राहुल के बैग से 6 बोतल रॉयल स्टेज व्हिस्की और 10 टेट्रा पैक ऑफिसर्स च्वाइस अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 11.550 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10,270 रुपये बताई गई है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी कैंट थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार, एसआई अशोक कुमार ओझा, एएसआई अनिल कुमार पांडेय सहित जीआरपी और आरपीएफ के कई जवान शामिल रहे।