चेतसिंह घाट पर शराब पीते दो गिरफ्तार, पुलिस ने दी सख्त हिदायत
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी के घाटों की पवित्रता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में भेलूपुर थाना क्षेत्र के चेतसिंह घाट पर देर रात शराब पीते हुए दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घाटों पर शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
घाट क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में अस्सी चौकी इंचार्ज नवीन कुमार चतुर्वेदी अपनी टीम के साथ देर रात क्षेत्र भ्रमण और निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान चेतसिंह घाट पर दो युवक खुलेआम शराब का सेवन करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को मौके से हिरासत में ले लिया और चौकी लाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान विवेक राज पुत्र अजय प्रसाद कुशवाहा निवासी चंपारण, बेतिया (बिहार) तथा अमित सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी डोडा, जम्मू के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अस्सी चौकी इंचार्ज नवीन कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि घाटों की गरिमा और धार्मिक वातावरण को बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, डीआईजी, डीसीपी और एसीपी स्तर से घाट क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा पुलिसकर्मियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि घाटों पर किसी भी प्रकार का नशा करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति घाट क्षेत्र में शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद घाट क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा, वहीं स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई की सराहना करते हुए घाटों की पवित्रता बनाए रखने की मांग की।