पीएम के जन्मदिन पर पौधरोपण, सफाई और चिकित्सा शिविर, एनडीआरएफ ने दिया जनसेवा का संदेश
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), वाराणसी की ओर से गुरुवार को पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत वाहिनी के नवीन परिसर में पौधरोपण अभियान से हुई। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट सहित अधिकारियों और जवानों ने पौधे लगाए। इस दौरान हरित परिसर विकसित करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के संवर्धन को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
इसके बाद रश्मि नगर, लंका में नगर निगम, स्वयंसेवी संस्था और अन्य संस्थाओं के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें वाराणसी कैंट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। साथ ही लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाने और आपदा के प्रति सजग समुदाय के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।
इसी क्रम में दशाश्वमेध घाट पर चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें स्थानीय नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरत के समय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपयोगिता बताना रहा।
एनडीआरएफ की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। वाहिनी नियमित रूप से आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के साथ जन-जागरूकता, क्षमता निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित करती है। इसका उद्देश्य सुरक्षित और आपदा के प्रति सक्षम समुदाय तैयार करने में योगदान देना है।
कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों को सामाजिक दायित्वों का निरंतर निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों के माध्यम से एनडीआरएफ ने जनहित के कार्यों में नागरिकों की भागीदारी का आह्वान किया।