वाराणसी में जगह-जगह निकलीं तिरंगा यात्राएं, ढोल-नगाड़ों के साथ गूंजा भारत माता की जय और वंदे मातरम
वाराणसी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजातालाब बाजार से लेकर मिर्जामुराद तक अलग-अलग स्थानों पर तिरंगा पदयात्राएं निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच निकली यात्राओं ने क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।
राजातालाब में ढोल-नगाड़ों के साथ निकली पदयात्रा
राजातालाब मंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुजीत कुमार पाल के नेतृत्व में तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। यात्रा राजातालाब पुलिस चौकी से शुरू होकर रानी बाजार और कचनार होते हुए आगे बढ़ी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
यात्रा में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, वरिष्ठ नेता संजीव सिंह गौतम, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री प्रेम शंकर पाठक, जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, जिला मंत्री अश्विनी पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
इसी क्रम में राजातालाब स्थित भारत माता इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी तिरंगा पदयात्रा निकाली। इससे पहले संस्थान के सभागार में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
गौर गांव में छात्राओं ने दिखाया राष्ट्रभक्ति का उत्साह
मिर्जामुराद के गौर गांव स्थित स्व. वंशनारायण सिंह महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने भी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल के नेतृत्व में निकली यात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर मिर्जामुराद बाजार होते हुए वापस कॉलेज पहुंची।
‘हर मन में तिरंगा, हर कण में तिरंगा’ के उद्घोष के साथ छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाती रहीं। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। आयोजकों ने बताया कि यात्रा वीर शहीदों और सीमा पर तैनात जवानों के शौर्य को नमन करने तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
यात्रा के समापन पर महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह समेत बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा, एसआई पवन यादव समेत पुलिस बल तैनात रहा।