पुलिस की सतर्कता से तीन साल का बच्चा परिवार से मिला, सोशल मीडिया बनी मददगार, परिजनों से मिलते ही खिल उठा मासूम का चेहरा

 
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता से एक तीन वर्षीय मासूम अपने परिवार से दोबारा मिल सका। शुक्रवार को डायल-112 पर सूचना मिली कि बाजार कालिका चौराहा के पास एक छोटा बच्चा भटकता हुआ मिला है, जो खुद को सत्यम नाम से पहचान रहा था, लेकिन अपने परिजनों से संबंधित अन्य कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। बच्चा काफी घबराया हुआ था और लगातार अपने माता-पिता को ढूंढ रहा था। पुलिस ने बच्चे की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।

बच्चे की पहचान और परिजनों की तलाश के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और बच्चे की फोटो व विवरण साझा कर व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू किया। कुछ ही समय में जानकारी मिली कि बच्चा बाजार कालिका गांव का रहने वाला है और अपने परिजनों से बिछड़कर चौराहे तक पहुंच गया था।

जब बच्चे सत्यम के परिजन थाना पहुंचे और पुलिस ने उसे सौंपा, तो मासूम का चेहरा खुशी से खिल उठा। परिजन भी भावुक होकर कपसेठी पुलिस का आभार जताते नजर आए। बच्चे की पहचान सत्यम पुत्र संजय बेनवंशी, निवासी ग्राम बाजार कालिका, थाना कपसेठी के रूप में हुई। उसकी उम्र लगभग तीन वर्ष बताई गई।

इस अभियान में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज, एसआई राजेश सिंह, हेड कांस्टेबल आलोक सिंह और होमगार्ड विनोद दुबे रहे।