अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले गोरखनाथ मंदिर में तीन दिवसीय योग शिविर शुरू, स्वास्थ्य और जागरुकता पर दिया गया जोर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हिन्दू युवा वाहिनी वाराणसी और त्रिशक्ति सेवा फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
 

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हिन्दू युवा वाहिनी वाराणसी और त्रिशक्ति सेवा फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ गोरखनाथ मंदिर के महंत योगी रामनाथ महाराज एवं क्रीड़ा भारती काशी प्रांत के मंत्री तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष वीरेन्द्र नाथ उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह "भोला" ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का प्राचीन विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है और मानसिक शांति के साथ बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

योग गुरु विनोद और अखिलेश ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और उनके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय योग शिविर के दौरान योगाभ्यास, प्राणायाम, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और योग से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक योग के लाभ पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सनी गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, रुद्र पांडेय, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, अश्वनी गुप्ता, प्रफुल्ल राय, सागर सेठ, गणेश वर्मा, आशीष विश्वकर्मा, रवि विश्वकर्मा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर के पहले दिन प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में हिस्सा लिया और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने का संकल्प लिया।