वाराणसी में जलभराव का होगा स्थायी समाधान, विवेका नगर में बनेगा पक्का नाला; अमरा-सुरभि नगर में बिछेगी ड्रेनेज लाइन

 

मूसलाधार बारिश के बीच नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, अफसरों से कहा- खानापूर्ति नहीं, ठोस प्रस्ताव बनाकर तत्काल शुरू करें काम

हड़हासराय में सीवर चैंबर से हटेगा अतिक्रमण, आदित्य नगर में ट्यूबवेल लगाने के लिए होगा तकनीकी परीक्षण

वाराणसी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शहर की सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। चितईपुर के विवेका नगर में कच्चे नाले को पक्का करने की तैयारी है, जबकि अमरा, बरसोहा और सुरभि नगर में नई ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाकर जलनिकासी व्यवस्था बेहतर की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को बारिश के बीच प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि जलभराव के समाधान के नाम पर केवल खानापूर्ति न की जाए। समस्या वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर ठोस और स्थायी प्रस्ताव तैयार किए जाएं और उन पर तत्काल काम शुरू किया जाए।

नगर आयुक्त ने नवविस्तारित क्षेत्रों के साथ चौक स्थित ऐतिहासिक आदिविश्वेश्वर वार्ड का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में जलभराव के कारणों, नालों की स्थिति, सीवर और ड्रेनेज नेटवर्क का जायजा लिया गया। निरीक्षण के आधार पर कई क्षेत्रों के लिए स्थायी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

विवेका नगर का कच्चा नाला होगा पक्का

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त चितईपुर स्थित आदित्य नगर तालाब के पूर्व में स्थित विवेका नगर पहुंचे। यहां जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लेने पर सामने आया कि पंचकोशी, सुसुवाही और वैष्णो नगर का पानी एक कच्चे नाले से होकर अस्सी नाले में गिरता है।

कच्चा नाला होने के कारण उसमें झाड़ियां उगने और कूड़ा-कचरा जमा होने से पानी का बहाव बाधित हो जाता है। तेज बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं होने से आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बनती है।

नगर आयुक्त ने सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक को क्षेत्र का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे के बाद कच्चे नाले के स्थान पर पक्का नाला बनाने का प्रस्ताव नगर निगम को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

अमरा, बरसोहा और सुरभि नगर में बिछेगी नई ड्रेनेज लाइन

अमरा, बरसोहा और सुरभि नगर में भी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने ड्रेनेज नेटवर्क बेहतर करने की तैयारी की है। नगर आयुक्त ने इन क्षेत्रों में उन प्रमुख स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं, जहां पानी जमा होने की समस्या लगातार सामने आ रही है।

जलकल विभाग को जरूरत के मुताबिक नई ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने और उसे मौजूदा जलनिकासी नेटवर्क से सही तरीके से जोड़ने को कहा गया है। नगर निगम का प्रयास है कि बारिश का पानी कॉलोनियों और सड़कों पर जमा होने के बजाय ड्रेनेज नेटवर्क के जरिए तेजी से बाहर निकल सके।

आदित्य नगर में ट्यूबवेल लगाने की तैयारी

करौंदी वार्ड के स्थानीय पार्षद के अनुरोध पर नगर आयुक्त ने नवविस्तारित आदित्य नगर में पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी देखी। क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए उन्होंने जलकल विभाग के महाप्रबंधक को सरकारी भूमि पर ट्यूबवेल स्थापित करने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

जलकल विभाग तकनीकी परीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट देगा। उपयुक्त स्थान मिलने और तकनीकी रूप से योजना संभव होने पर ट्यूबवेल स्थापित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके।

हड़हासराय में सीवर चैंबर से हटाया जाएगा अतिक्रमण

नगर आयुक्त ने हड़हासराय क्षेत्र में बेनिया स्थित नावेद कॉम्प्लेक्स के पास सीवर व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। नगर निगम के अनुसार यहां सीवर चैंबर के ऊपर दुकान बनाकर अतिक्रमण किए जाने के कारण चैंबर की सफाई में परेशानी हो रही है और सीवर लाइन का संचालन प्रभावित हो रहा है।

स्थिति देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और जलकल विभाग को सीवर चैंबर के ऊपर से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। अतिक्रमण हटने के बाद सीवर लाइन और चैंबर की सफाई कर ड्रेनेज सिस्टम को सुचारू करने को कहा गया है।

जलभराव पर ‘खानापूर्ति’ नहीं, स्थायी समाधान पर जोर

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान पानी निकालने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए। जिन इलाकों में बार-बार जलभराव होता है, वहां इसके मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान तैयार किया जाए।

इसके लिए नालों को पक्का करने, नई ड्रेनेज लाइन बिछाने, पुराने नेटवर्क की कनेक्टिविटी सुधारने और सीवर-नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पार्षद इंद्रेश सिंह, मनीष गुप्ता, अमरेश कुमार, श्रवण गुप्ता, सुरेश पटेल और श्याम भूषण शर्मा के साथ जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, दशाश्वमेध जोन के जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता समेत नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।