वरुणा नदी में उतराया मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया बड़ी मंदिर के पीछे वरुणा नदी के किनारे बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार बुधवार को आमजन से सूचना मिली कि वरुणा नदी में बहकर एक अज्ञात व्यक्ति का शव आया है और ढेलवरिया बड़ी मंदिर के पीछे नदी के किनारे रुका हुआ है। सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नदी के किनारे शव मिलने की पुष्टि होने के बाद उसे बाहर निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
थाना पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त प्रयास से शव को नदी के पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की ओर से मृतक की पहचान कराने के लिए स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान होने तक शव को शिवपुर स्थित शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों और अन्य माध्यमों से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।