बरेका सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक निरीक्षण समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न

 
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना स्थित सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक निरीक्षण समारोह बुधवार, 05 फरवरी 2026 को बरेका के केंद्रीय खेलकूद मैदान में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. देवेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने कोर कमांडर राजकुमार पटेल के मार्गदर्शन में ब्रिगेड की भव्य परेड का निरीक्षण किया।

समारोह के दौरान ब्रिगेड के प्रशिक्षित सदस्यों ने आपातकालीन परिस्थितियों में दी जाने वाली प्राथमिक सहायता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसमें फायरमैन लिफ्ट, मानव बैसाखी, पिक-ए-बैक, टू हैंड शीट, थ्री हैंड शीट, फोर हैंड शीट, फोर एंड ऑप्ट विधि, स्ट्रेचर ड्रिल तथा सीपीआर जैसी तकनीकों को अभ्यास के रूप में दिखाया गया। इन प्रदर्शनों ने दर्शकों को आपदा के समय त्वरित और सुरक्षित बचाव की उपयोगी जानकारी दी।

इस अवसर पर कोर कमांडर एवं उप मुख्य सामग्री प्रबंधक (आयात एवं डीजल) अभिषेक पांडेय ने सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. देवेश कुमार ने ब्रिगेड द्वारा किए गए आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा करना ब्रिगेड का प्रमुख कर्तव्य है और हर सदस्य को समाज सेवा के इस पुनीत कार्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में आयोजित स्ट्रेचर ड्रिल प्रतियोगिता के विजेता दल को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।

समारोह के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। इस मौके पर मंडल कमांडर (मेडिकल) एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह, कोर अधिकारी एवं उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पी.ओ.एच.) राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सुचारु संचालन नवल किशोर गुप्त ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव मंडल कमांडर एवं सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज द्वारा दिया गया।