स्वच्छता से संस्कार' अभियान: वाराणसी के स्कूलों में छात्रों को स्वच्छता और सड़क सुरक्षा का पाठ

नगर निगम वाराणसी द्वारा संचालित एक माह के 'स्वच्छता से संस्कार' अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के दो विद्यालयों में स्वच्छता एवं यातायात सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
 

वाराणसी। नगर निगम द्वारा संचालित एक माह के 'स्वच्छता से संस्कार' अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के दो विद्यालयों में स्वच्छता एवं यातायात सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

अभियान के अंतर्गत दशाश्वमेध जोन स्थित काशी बालिका शिक्षा इंटर कॉलेज, शिवपुरवा तथा सारनाथ जोन के प्रेमचंद स्मारक इंटर कॉलेज, लालपुर में कार्यक्रम आयोजित हुए। नगर निगम की आईईसी एवं आईटीसी टीम ने विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने तथा कचरे के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी और जीवन का संस्कार है।

इसके बाद यातायात विभाग की टीएसआई एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा ट्रैफिक संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में नागरिक जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।