बारिश के बीच ओपन माइक में छात्रों ने रखी अपनी मांग, तीसरे दिन भी जारी रहा धरना, अभाविप ने छात्रहित, सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर उठाई आवाज
वाराणसी। बीएचयू में छात्रहित और विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बीएचयू इकाई का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत शुक्रवार को परिसर में ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मंच पर पहुंचकर अपनी समस्याएं, अनुभव और चिंताएं साझा कीं।
भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। ओपन माइक के दौरान छात्रों ने काव्य पाठ, वक्तव्य और व्यक्तिगत अनुभवों के माध्यम से विश्वविद्यालय में सामने आने वाली समस्याओं को उठाया। छात्राओं ने भी मंच से अपनी बात रखते हुए परिसर में महसूस होने वाली विभिन्न परेशानियों और चिंताओं को साझा किया।
अभाविप के इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद विद्यार्थियों की लगातार मौजूदगी आंदोलन में उनकी भागीदारी को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छात्र समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर विद्यार्थियों के बीच गंभीर चिंता है और विश्वविद्यालय प्रशासन को इन विषयों पर ध्यान देना चाहिए। इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं है। परिषद छात्रहित, परिसर की सुरक्षा, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े विषयों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखने के लिए आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से किया जाना चाहिए।
ओपन माइक में विद्यार्थियों ने अपनी बात रखते हुए विश्वविद्यालय में अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी और प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की। अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रहित से जुड़ी मांगों पर ठोस, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की है।