काशी विद्यापीठ में रिजल्ट की गड़बड़ी पर छात्रों का हंगामा, कुलपति कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। लंबे समय से परिणाम में सुधार की मांग कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा भवन और कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि एक सेमेस्टर बीत जाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें लगातार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
 

एक सेमेस्टर के बाद भी परिणाम सुधार न होने से नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, बड़े आंदोलन की चेतावनी

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। लंबे समय से परिणाम में सुधार की मांग कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित परीक्षा भवन और कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि एक सेमेस्टर बीत जाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें लगातार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

छात्रों के मुताबिक, परीक्षा परिणाम में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। इनका निराकरण कराने के लिए वे कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों का कहना है कि समस्या का समाधान नहीं होने से सैकड़ों विद्यार्थी मानसिक परेशानी और असमंजस की स्थिति से गुजर रहे हैं।

नाराज छात्रों ने कुलपति कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम तैयार करने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर भी कई सवाल हैं। उनका आरोप है कि एजेंसी को लाभ पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल परिणामों की जांच कराने और सभी त्रुटियों को दूर करने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक परिणाम दुरुस्त नहीं होते, तब तक उनकी आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाएं प्रभावित होती रहेंगी। छात्र शिवम यादव ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से अपनी समस्या लेकर विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण अब उनका धैर्य जवाब दे गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रिजल्ट में सुधार नहीं किया गया तो छात्र बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले में स्पष्ट जवाब और समयबद्ध समाधान की मांग की है।