दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की उत्पादन क्षमता का लिया जायजा, स्टैंडर्ड गेज लोको निर्माण पर मंथन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित कंपनी मेसर्स ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का आकलन किया तथा बरेका की अत्याधुनिक उत्पादन प्रणाली और तकनीकी क्षमताओं का विस्तृत अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल के साथ मेसर्स जेसीएल इन्फ्रा इंडिया के प्रबंध निदेशक विश्व वासु गुप्ता भी मौजूद रहे। बरेका पहुंचने पर मुख्य यांत्रिक अभियंता (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर राइट्स लिमिटेड के महाप्रबंधक संजय कुमार, सहायक प्रबंधक रोहित कुमार तथा बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित तकनीकी बैठक से हुई। बैठक में मुख्य यांत्रिक अभियंता राम जन्म चौबे और मुख्य अभिकल्प अभियंता (डीजल) प्रवीण कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी विकास, आधुनिक विनिर्माण प्रणाली, लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया, वैश्विक निर्यात और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उप मुख्य विपणन प्रबंधक अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन इरेक्शन शॉप और इंजन टेस्ट शॉप का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने लोकोमोटिव निर्माण के प्रत्येक चरण, अत्याधुनिक मशीनों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा डिजाइन एवं उत्पादन संबंधी तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की।
प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक अवसंरचना, उन्नत तकनीकी दक्षता और उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण मानकों की सराहना की। अधिकारियों ने इस दौरे को भारत और दक्षिण कोरिया के बीच औद्योगिक सहयोग तथा भविष्य में संभावित व्यावसायिक अवसरों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बरेका के प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक शील से शिष्टाचार भेंट भी की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य यांत्रिक अभियंता (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने शियुंग पार्क को बरेका में निर्मित लोकोमोटिव का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय दौरे भविष्य में तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को नई दिशा देंगे।