36वीं वाहिनी पीएसी में भव्यता से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजन संध्या में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म पर गूंजे जयकारे
वाराणसी। 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत भव्य एवं दिव्य वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी के रवींद्रालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि वाहिनी परिवहन शाखा में आकर्षक पंडाल एवं झांकी तैयार की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का शुभारंभ संध्याकाल में सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नीलम पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सेनानायक ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। आमंत्रित भजन गायकों एवं उनकी टीम के कलाकारों के साथ पीएसी परिवार के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सुंदर और आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के बाद सेनानायक ने कलाकारों को अंगवस्त्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मध्यरात्रि में जन्मे नंदलाल, गूंजे जयकारे
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ अवसर आया। सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय झांकी पंडाल में पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन, हवन एवं आरती की। श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जन्म के साथ ही भक्तों द्वारा लगाए गए ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। वाहिनी की बैंड टीम ने सुंदर भजनों का मधुर वादन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मौजूद श्रद्धालुओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और पीएसी परिवार के सदस्यों के बीच चरणामृत एवं प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपसेनानायक श्री प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक श्री राजेश कुमार, श्री कुमार धीरेंद्र नारायण, वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ. अवरार अहमद, शिविरपाल श्री कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर श्री सुरेंद्र कुमार, आरटीसी प्रभारी श्री गौरव त्रिपाठी और एसक्यूएम श्री राम सिंह सहित बीएचयू के विभिन्न चिकित्सक, अतिथि, अधिकारी-कर्मचारी, पीएसी परिवार के सदस्य, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।