काशी के 55 चौराहों पर गूंजेगा शिव स्तोत्र, सावन में नगर निगम की नई पहल से भक्तिमय होगा माहौल

सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए काशी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के स्वागत में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है।
 

वाराणसी। सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए काशी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के स्वागत में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। अब पूरे सावन माह के दौरान शहर के 55 प्रमुख चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 6:30 बजे तक शिव स्तोत्र का प्रसारण किया जाएगा। इसकी शुरुआत बुधवार से हो गई है।

नगर निगम के इस निर्णय का उद्देश्य शिव की नगरी काशी में भक्तिमय वातावरण को और अधिक सशक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराना है। सावन के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख चौराहों पर शिव स्तोत्र की गूंज श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाएगी।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी की पहल पर यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल को श्रद्धालुओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और कांवड़ियों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल शिव स्तोत्र का प्रसारण प्रतिदिन सुबह एक घंटे तक किया जाएगा। भविष्य में इसे सुबह के साथ-साथ शाम के समय भी प्रसारित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। नगर निगम का मानना है कि इस पहल से सावन के दौरान काशी का आध्यात्मिक वातावरण और अधिक दिव्य एवं भक्तिमय बनेगा।