वाराणसी में सात दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण शिविर, 97 प्रतिभागियों को मिला प्रमाणपत्र
वाराणसी। हिन्दू जनजागृति समिति की ओर से वाराणसी में आयोजित सात दिवसीय ‘शौर्य प्रशिक्षण शिविर’ का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। शिविर का आयोजन आशापुर स्थित आदर्श श्री कमलाकर चौबे आदर्श सेवा इंटर कॉलेज और बड़ागांव के शिवपुरी वाटिका में किया गया था। समिति के अनुसार वर्तमान समय में त्योहारों और विशेष अवसरों पर बढ़ती हिंसक घटनाओं तथा युवतियों के साथ हो रहे अनाचार को देखते हुए युवाओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार करना आवश्यक है।
शिविर में कुल 200 युवक-युवतियों ने भाग लिया। सात दिन तक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 97 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर के बाद प्रतिभागियों के लिए तीन साप्ताहिक स्वरक्षा प्रशिक्षण वर्ग शुरू किए जाएंगे। वहीं 17 युवक-युवतियों ने प्रशिक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभाने की इच्छा व्यक्त की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सक्षम बनाने के साथ राष्ट्र और धर्म से जुड़े विषयों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने बताया कि शिविर से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे संकट की परिस्थितियों का सामना करने के लिए स्वयं को अधिक सक्षम महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से वे स्वयं की रक्षा के साथ दूसरों की सहायता भी कर सकेंगे।
रविंद्र पटेल ने प्रत्येक सप्ताह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने की मांग की। हिमांशु मोर्य ने कहा कि शिविर में जो सीखा है, उसका वे प्रतिदिन अभ्यास करेंगे और दूसरों को भी सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि हर घर में योद्धा तैयार हो, ऐसी प्रेरणा शिविर से मिली। कार्यक्रम में कुछ अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने आए थे, लेकिन प्रशिक्षण देखकर वे भी प्रेरित हुए और सात दिन तक शिविर में शामिल रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा।