सावन में शिवभक्तों की सेवा को आगे आया सेवा शिविर, फलाहार के साथ मुफ्त इलाज और दे रहें दवाएं

सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए काशी पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्व. विकास यादव बाबू की स्मृति में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी महानगर के नेतृत्व में निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पहुंचकर फलाहार और चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया।
 

वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए काशी पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्व. विकास यादव बाबू की स्मृति में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी महानगर के नेतृत्व में निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पहुंचकर फलाहार और चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया।

आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए शिविर को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा गया है। पूरे सावन माह इसका संचालन किया जाएगा। यहां कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को निःशुल्क फलाहार उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए मेडिकल कैंप भी लगाया गया है। चिकित्सकीय परामर्श के अलावा जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।


लंबी यात्रा के बाद श्रद्धालुओं को राहत
सावन में काशी में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। प्रयागराज सहित विभिन्न क्षेत्रों से कांवड़िये गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। लंबी दूरी की यात्रा के कारण थकान और कमजोरी जैसी समस्याओं को देखते हुए शिविर में फलाहार और चिकित्सा व्यवस्था की गई है।

सेवा में जुटे कार्यकर्ता श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित करने के साथ मेडिकल कैंप में पहुंचने वाले लोगों की सहायता कर रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस करने वाले श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


‘कांवड़ियों की सेवा सौभाग्य की बात’
कार्यक्रम में श्री अम्बरीश सिंह भोला, वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य एवं हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान वाराणसी मंडल प्रभारी ने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा महत्वपूर्ण सेवाओं में शामिल है और काशी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखना सभी का दायित्व है।

 

उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए काशी पहुंचते हैं। ऐसे में सेवा शिविर उनके लिए राहत का माध्यम बनते हैं। फलाहार और चिकित्सा सहायता के जरिए श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


पूरे सावन जारी रहेगा सेवा कार्य
आयोजकों ने बताया कि पूरे सावन शिविर में आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को निःशुल्क फलाहार के साथ जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सेवा शिविर के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रीति गुप्ता (सत्सागर चौकी प्रभारी), हिंदू युवा वाहिनी के महानगर उपाध्यक्ष एवं निवर्तमान रुद्र पांडे, महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष दिनेश अग्रहरि सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की और फलाहार वितरण एवं मेडिकल कैंप की व्यवस्थाएं संभालीं।