वाराणसी में डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण का आगाज, काशीवासी 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्व-गणना

देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को वाराणसी में हो गई। इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी गई है। इस अभियान की शुरुआत शहर के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित अपने आवास से ऑनलाइन जनगणना का विवरण दर्ज कर की। उन्होंने शहरवासियों से भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
 

वाराणसी। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को वाराणसी में हो गई। इसके तहत 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी गई है। इस अभियान की शुरुआत शहर के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित अपने आवास से ऑनलाइन जनगणना का विवरण दर्ज कर की। उन्होंने शहरवासियों से भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

महापौर ने स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर लोगों को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करना है, ताकि जनगणना की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जा सके। अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक पहले चरण में मकान सूचीकरण की तरह इस बार भी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना और परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन ने शहरवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की है, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित समय पर सुचारु रूप से संपन्न हो सके।