बरेका परिसर में डिवाइडर से टकराई स्कूटी, किशोर की मौत, मचा कोहराम
वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र के बरेका परिसर में मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से उसे तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा स्थित सुंदरपुर की कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक त्रिपाठी का 13 वर्षीय पुत्र अंजनेय त्रिपाठी मंगलवार भोर में स्कूटी से जा रहा था। उसकी स्कूटी का नंबर यूपी 65 ईबी 5985 बताया गया है। इसी दौरान बीएलडब्ल्यू के मुख्य द्वार से करीब 300 मीटर अंदर परिसर में उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मंडुआडीह पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच किशोर के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंजनेय को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंजनेय की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।