बरेका में ‘रन फॉर यूनिटी’ से दिया एकता और फिटनेस का संदेश, देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में उत्साह और उमंग के साथ ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस दौड़ में बरेका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, विभिन्न खेल अकादमियों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
 

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और रेलकर्मियों ने लगाई दौड़, इंटर कॉलेज से सूर्य सरोवर और कुंदन तिराहा होते हुए बास्केटबॉल ग्राउंड तक निकली रैली

वाराणसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में उत्साह और उमंग के साथ ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस दौड़ में बरेका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, विभिन्न खेल अकादमियों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और रेलकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका इंटर कॉलेज चौराहे पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ बरेका इंटर कॉलेज से शुरू होकर सूर्य सरोवर और कुंदन तिराहा होते हुए बास्केटबॉल ग्राउंड पर संपन्न हुई। हाथों में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम के संदेश लिखी तख्तियां एवं पोस्टर लेकर प्रतिभागियों ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

आयोजन का उद्देश्य देश की रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करना था। प्रतिभागियों ने उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
कार्यक्रम में बरेका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं की अनुशासित और लंबी श्रृंखला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों और सामूहिक सहभागिता से आयोजन में नई ऊर्जा भर दी। भारत स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी भागीदारी की। बरेका की तैराकी, बास्केटबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, गोल्फ, हैंडबॉल, हॉकी, राइफल शूटिंग, वॉलीबॉल, कुश्ती, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल अकादमियों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने भी दौड़ में हिस्सा लिया।

फिट इंडिया का भी दिया संदेश
‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट की भावना के अनुरूप रहा। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि एकजुट समाज और स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।

इस अवसर पर बरेका खेलकूद संघ के महासचिव अनुराग कुमार गुप्ता, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर एसके सिंह, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर राजेश कुमार, उप मुख्य विपणन प्रबंधक अनूप मिश्रा, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह दुर्गा प्रसाद, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह, कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा और सुशील कुमार सिंह, बरेका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एके माहेश्वरी सहित शिक्षक, कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।