वाराणसी में ‘रन फॉर अंबेडकर’ धम्मयात्रा, समता और संविधान का दिया संदेश
वाराणसी। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में काशी में अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में बुधवार को ‘रन फॉर अंबेडकर’ जन जागरण धम्मयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य बाबा साहब के विचारों और भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस जागरुकता अभियान के माध्यम से समता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार प्रेमी ने बताया कि 1 अप्रैल से अंबेडकर जयंती माह की शुरुआत होती है, जिसे देश ही नहीं बल्कि विश्वभर में बड़े सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि 1 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी दिन भारतीय रिज़र्व बैंक की स्थापना हुई थी। इसकी वैचारिक पृष्ठभूमि बाबा साहब की प्रसिद्ध पुस्तक “प्रॉब्लम्स ऑफ रूपी इन इंडिया” से जुड़ी मानी जाती है, जो उनकी आर्थिक समझ और दूरदर्शिता को दर्शाती है।
धम्मयात्रा अंबेडकर स्मारक, कचहरी से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा में जे.पी. मेहता नगरपालिका इंटर कॉलेज, भीमनगर, सेंट्रल जेल रोड, शिवपुर पुरानी चुंगी, गिलट बाजार पुलिस चौकी, भोजूबीर तहसील, सदर तहसील, अर्दली बाजार और पुलिस लाइन तिराहा जैसे प्रमुख स्थान शामिल रहे। अंत में यह यात्रा पुनः अंबेडकर स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई।
इस आयोजन में समाज के हर वर्ग की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, माध्यमिक शिक्षा परिषद के प्रतिनिधि, विश्वविद्यालयों के शिक्षक, अधिवक्ता, छात्र-छात्राएं, ग्रामीण महिलाएं और सेवानिवृत्त कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पानी के स्टॉल लगाए गए, जहां स्थानीय नागरिकों ने सेवा भाव से प्रतिभागियों का स्वागत किया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धम्मयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरूकता अभियान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और विचारों को पढ़ें, समझें और नई पीढ़ी को भी इससे अवगत कराएं। इस प्रकार ‘रन फॉर अंबेडकर’ ने वाराणसी में अंबेडकर जयंती माह की प्रेरणादायक और जागरूक शुरुआत की।