3 करोड़ की प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का खुलासा: फर्जी दस्तावेज दिखाकर मकान बेचने का झांसा, तीन आरोपी गिरफ्तार
मकान बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप
वाराणसी में मकान बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का चौक पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति को मकान बेचने का झांसा दिया और उससे करीब तीन करोड़ रुपये ऐंठ लिए। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
योग शिक्षक के जरिए हुआ संपर्क, फर्जी कागज दिखाकर दिलाया भरोसा
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वह वाराणसी में व्यापार के लिए एक मकान खरीदना चाहता था। इस दौरान उसके परिवार को योग सिखाने वाले राजकुमार बाजपेयी ने मलदहिया स्थित एक मकान की जानकारी दी और बताया कि यह उनके परिचितों का है तथा बिक्री के लिए उपलब्ध है। जब पीड़ित ने मकान के दस्तावेज मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेज दिखाए तथा अन्य लोगों से बातचीत कराकर यह विश्वास दिलाया कि मकान उन्हीं का है। इतना ही नहीं, यह भी बताया गया कि मकान पर बैंक का लोन चल रहा है।
तीन करोड़ रुपये लेने के बाद टालते रहे रजिस्ट्री
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों और अलग-अलग तारीखों में पीड़ित से कुल तीन करोड़ रुपये ले लिए। जब रजिस्ट्री कराने की बात आई तो वे लगातार बहाने बनाकर टालते रहे। बाद में एक बंद लिफाफे में मकान से संबंधित दस्तावेज दिए गए। जांच करने पर पता चला कि जिस जमीन पर मकान बना है, वह रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की भूमि है और उसका क्रय-विक्रय किया ही नहीं जा सकता। इससे पहले जो दस्तावेज दिखाए गए थे, वे कथित रूप से फर्जी थे।
पैसे मांगने पर दी धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसा लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में कथित तौर पर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने खुद को एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र से जुड़ा बताते हुए दबाव बनाने और "कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे" जैसी बातें कहीं। इसके बाद पीड़ित ने चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक थाना पुलिस ने 28 जून को मुख्य आरोपी राजकुमार बाजपेयी को जवाहर तिराहा रोडवेज क्षेत्र से तथा दो अन्य आरोपियों को मलदहिया इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।