एटीएम बदलकर खाते से 1.15 लाख उड़ाए, पांच जगहों से निकाली रकम, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

एटीएम कार्ड बदलकर जालसाजी करने का मामला सामने आया है। शातिर जालसाजों ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग पांच स्थानों पर लेनदेन कर कुल 1,15,416 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर लगातार रुपये निकासी के संदेश आने के बाद पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
 

वाराणसी। एटीएम कार्ड बदलकर जालसाजी करने का मामला सामने आया है। शातिर जालसाजों ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग पांच स्थानों पर लेनदेन कर कुल 1,15,416 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर लगातार रुपये निकासी के संदेश आने के बाद पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के चकवां (घनश्याम) निवासी शिवलाल मौर्य पुत्र स्व. पंचम मौर्य का भारतीय स्टेट बैंक की गोपीगंज शाखा में खाता है। पीड़ित के मुताबिक 16 अगस्त को वह एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। कार्ड बदलने के बाद जालसाज ने खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार उसके खाते से अलग-अलग पांच स्थानों से बारी-बारी रुपये निकाले गए। वाराणसी में विनय कुमार गुप्ता नामक स्थान से 46,040 रुपये और मिर्जामुराद स्थित भगवती कॉम्प्लेक्स के पास से 40 हजार रुपये निकाले गए। इसके अलावा अन्य स्थानों से भी खाते से रकम निकाली गई। इस तरह कुल 1,15,416 रुपये खाते से निकल गए।

मोबाइल पर लगातार रुपये निकासी के संदेश आने पर शिवलाल को शक हुआ। उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जिसके बाद एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात जालसाज के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर जालसाज के खिलाफ कार्रवाई करने और खाते से निकाली गई रकम वापस कराने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है और खाते से हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।