कैंट स्टेशन पर RPF की कार्रवाई, दो बैगों में 72 क्वार्टर शराब के साथ महिला गिरफ्तार

कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चेकिंग के दौरान शुक्रवार को एक महिला को 72 क्वार्टर अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया। महिला के पास मौजूद दो पिट्ठू बैगों से 8 पीएम गोल्ड ब्रांड की शराब बरामद हुई। आरपीएफ टीम ने शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की।
 

प्लेटफार्म नंबर-1 पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई महिला, वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर शराब कब्जे में ली गई

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चेकिंग के दौरान शुक्रवार को एक महिला को 72 क्वार्टर अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया। महिला के पास मौजूद दो पिट्ठू बैगों से 8 पीएम गोल्ड ब्रांड की शराब बरामद हुई। आरपीएफ टीम ने शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की।

आरपीएफ की टीम कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर टिकट घर से सिग्नल ऑफिस की तरफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान काशी साइड में पानी की टंकी के पास एक महिला दो बैग लेकर बेंच पर बैठी दिखाई दी। टीम को अपनी ओर आते देख महिला घबरा गई और वहां से भागने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर महिला कांस्टेबल श्रुति मीणा ने उसे घेरकर पकड़ लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेनू देवी (49), पत्नी बिंदेश्वरी, निवासी ग्राम शासन, पोस्ट हसनपुर, थाना हसनपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार बताया। उसका वर्तमान पता वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में बताया गया।

दोनों बैगों में मिले 36-36 क्वार्टर
महिला से बैगों के बारे में पूछताछ की गई तो उसने उनमें अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर सफेद रंग के बैग से 36 और नीले रंग के बैग से 36 क्वार्टर बरामद हुए। सभी क्वार्टर 180 मिलीलीटर के थे। इस तरह कुल 72 क्वार्टर यानी 12.96 लीटर 8 पीएम गोल्ड अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की तीव्रता 42.8 प्रतिशत बताई गई।

आरपीएफ टीम ने महिला से शराब रखने और ले जाने के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद बरामद शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की गई। चेकिंग और कार्रवाई में आरपीएफ के हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद राय, महिला कांस्टेबल श्रुति मीणा और कांस्टेबल सतीश (आरपीएफ बीएसबी सीआईबी) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।