वाराणसी : हादसे में हुई थी रोहित राजभर की मौत, सिंधोरा पुलिस ने किया खुलासा, दो युवक गिरफ्तार
वाराणसी। सिंधोरा पुलिस ने चर्चित रोहित राजभर मौत प्रकरण का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला हत्या नहीं बल्कि सड़क दुर्घटना का था, जिसके बाद आरोपी डरकर मौके से फरार हो गए थे।
5/6 मई की रात सिंधोरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर (चकदुल्ला) गांव के पास सड़क किनारे रुस्तमपुर निवासी रोहित राजभर का शव मिला था। शव के पास उसकी बुलेट मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके आधार पर सिंधोरा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया गया था।
प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए गोमती जोन डीसीपी नीतू कादयान तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र राजभर और रामाशीष राजभर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने सरायबेना गांव आए थे। रात में सिंधोरा बाजार से सामान लेकर लौटते समय बसंतपुर चकदुल्ला के पास उनकी बाइक सामने से आ रही रोहित राजभर की बाइक से टकरा गई। हादसे में सभी सड़क पर गिर पड़े।
आरोपियों के मुताबिक वे मामूली रूप से घायल हुए और उठ गए, लेकिन रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा। घटना से घबराकर और कानूनी कार्रवाई के डर से वे बिना किसी को सूचना दिए मौके से फरार हो गए थे।