काशी को टॉप-5 स्वच्छ शहरों में लाने का संकल्प, महापौर ने किया ध्वजारोहण, 120 फीट ऊंचे तिरंगे को दी गई सलामी 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने आन-बान-शान के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान नगर निगम की ओर से शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर 120 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज लगाने की योजना के तहत मलदहिया और लहुराबीर चौराहे पर भी भव्य ध्वजारोहण किया गया। समारोह में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उपसभापति सुरेश चौरसिया, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पार्षदों समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने आन-बान-शान के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान नगर निगम की ओर से शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर 120 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज लगाने की योजना के तहत मलदहिया और लहुराबीर चौराहे पर भी भव्य ध्वजारोहण किया गया। समारोह में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उपसभापति सुरेश चौरसिया, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पार्षदों समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में विकास की गति लगातार तेज हुई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य वाराणसी को देश के टॉप-5 स्वच्छ शहरों में शामिल कराना है। इसके लिए स्वच्छता, सीवर, जल निकासी, सड़क और पेयजल से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

मेयर ने कहा कि फरवरी से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीवर लाइनों की सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान और गलियों के निर्माण में तेजी लाई गई है। करीब 2161 करोड़ रुपये की लागत से सीवर और पेयजल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है और चार घंटे के भीतर शिकायतों के समाधान का लक्ष्य रखा गया है।


उन्होंने कहा कि शहर में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया है। नगर निगम की जमीनों और संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की कार्रवाई भी की गई है। वहीं, संपत्तिकर और जलकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार की एकमुश्त समाधान योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का एहसास नहीं कराती, बल्कि नागरिकों और प्रशासन को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करती है। नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित काशी का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि काशी की प्राचीन विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कचरा प्रबंधन, रीसाइकलिंग, सड़क, प्रकाश और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि काशी विकास के स्वर्णिम दौर से गुजर रही है। केंद्र, प्रदेश और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से शहर की प्राचीन पहचान और गौरव को नई ऊंचाई मिल रही है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में काशी के योगदान और अमर शहीदों के बलिदान को याद किया। समारोह के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट राजस्व वसूली और सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजस्व वसूली में भेलूपुर के धर्मेंद्र कुमार वर्मा, वरुणापार के सत्येंद्र कुमार विश्वकर्मा, दशाश्वमेध के देशदीपक द्विवेदी, ऋषि मांडवी के विकास राव, आदमपुर के श्रीप्रकाश पटेल, सारनाथ के सौरभ सिंह और कंप्यूटर कार्य के लिए दिनेश दूबे को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 12 सफाई मित्रों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।

समारोह का संचालन भैया लाल ने किया, जबकि अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर नगर निगम ने विकास, स्वच्छता और नागरिक सेवा को और प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।