शिवाजी नगर पार्क में सजी रक्षाबंधन वाटिका, बहनों ने जवानों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र
वाराणसी। शिवाजी नगर पार्क में रक्षाबंधन के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और भाई-बहन के स्नेह का अनूठा संगम देखने को मिला। सृजन सामाजिक विकास न्यास, सीआरपीएफ और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पार्क में ‘रक्षाबंधन वाटिका’ का सृजन किया गया। कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब की महिलाओं ने विधायक सौरभ श्रीवास्तव, सीआरपीएफ अधिकारियों व जवानों, न्यास के सदस्यों तथा वन विभाग के रेंजर को राखी बांधी। इसके साथ ही आशीर्वाद स्वरूप फलदार पौधे भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक और उनकी पत्नी सुगंधा श्रीवास्तव ने पौधारोपण कर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने की। उन्होंने मंत्रोच्चारण के साथ रक्षाबंधन वाटिका के सृजन की शुरुआत कराई।
अनिल कुमार सिंह ने महिलाओं और उपस्थित लोगों को पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
वन विभाग के रेंजर राज कुमार गौतम ने अपनी टीम के साथ पार्क में ट्री गार्ड सहित फलदार पौधे लगाए। कार्यक्रम में सीआरपीएफ 95 बटालियन के कमांडेंट एस. बालापुरकर ने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए पौधों की देखभाल पर जोर दिया।
कार्यक्रम में राखी बांधने के साथ पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इससे रक्षाबंधन समारोह को सामाजिक सरोकार से जोड़ने की पहल की गई। इस अवसर पर समाजसेवी कांत पांडेय, वन दारोगा अनिल, सुरभि मोदी, मंदाकिनी अग्रवाल, अनुजा वागला, निहारिका, देवांशी, नेहा मित्तल, गुरदीप सोनेजा, भाजपा कार्यकर्ता तथा सीआरपीएफ के पीआरओ प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।