राजातालाब : बसंतपट्टी में तीन सप्ताह से बोर से निकल रहा बालू-गिट्टी वाला पानी, ग्राम प्रशासक ने जल्द मरम्मत कराने की उठाई मांग

वाराणसी। राजातालाब अंतर्गत आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत बसंतपट्टी में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पेयजल व्यवस्था पिछले करीब तीन सप्ताह से ठप पड़ी है। बोर खराब होने के कारण नलों से स्वच्छ पानी की जगह बालू और गिट्टी युक्त गंदा पानी निकल रहा है। इससे पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है और ग्रामीणों को साफ पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
 
बोर खराब होने से नहीं मिल रहा पीने योग्य पानी
ग्राम प्रधान प्रशासक श्यामलाल चौहान ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगाए गए बोर के खराब हो जाने से उसमें से गंदा पानी, बालू और गिट्टी निकल रही है। उन्होंने कहा कि यह पानी पीने योग्य नहीं है और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

स्वास्थ्य पर भी मंडरा रहा खतरा
ग्राम प्रशासक ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गांव में पेयजल संकट और गंभीर हो जाएगा। गंदा पानी पीने की मजबूरी से ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
श्यामलाल चौहान ने प्रशासन और जल जीवन मिशन के अधिकारियों से मांग की है कि खराब बोर की तत्काल तकनीकी जांच कराकर उसकी मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।