राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल से ऑनलाइन प्रवेश, 64 पाठ्यक्रमों में दाखिले का अवसर
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अभ्यर्थी अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र, वाराणसी में भी प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। यहां कुल 64 विषयों और पाठ्यक्रमों में दाखिले की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। छात्रों को सबसे पहले समर्थ पोर्टल पर अपना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) करना होगा। इसके बाद वे ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र के अनुसार वाराणसी में लगभग 265 अध्ययन केंद्रों का संचालन किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन की सुविधा मिलेगी। प्रवेश लेने वाले छात्र अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार अलग-अलग कोर्स का चयन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस सत्र में 24 परास्नातक (पीजी) कार्यक्रमों, छह स्नातक (यूजी) कार्यक्रमों, सात डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, 10 प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) कार्यक्रमों सहित कुल 64 पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू किया गया है। इसके अलावा बीएड पाठ्यक्रम में भी प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के अनुसार जुलाई 2026 सत्र के लिए बीए, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएलआईएस, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएलआईएस, एमबीए, एमसीए, एमएसडब्ल्यू तथा साइंस समेत अन्य व्यावसायिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश लिए जा रहे हैं।