सेवा संकल्प अभियान के तहत लहरतारा में जनकल्याण शिविर, पात्र लोगों को मौके पर आवेदन और विभिन्न सुविधाओं का लाभ
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जनकल्याण शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ शहर उत्तरी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 18 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र और वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। कई योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन फार्म भरवाए गए, जिससे लोगों को संबंधित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और आधार कार्ड समेत विभिन्न सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने नौनिहाल का अन्नप्राशन कराया। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को फल वितरित किए गए। क्षेत्र में सेवाएं दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से बचाना भी है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।