संत रविदास मंदिर मार्ग पर भारी कूड़ा गाड़ियों के खिलाफ धरना, रात 11 बजे अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म
स्वीकृति मिलने तक दिन में नहीं गुजरेंगी भारी गाड़ियां, टोल पास के लिए एनएचएआई को भेजा गया पत्र
वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास मंदिर के संकरे मार्ग से नगर निगम की भारी कूड़ा गाड़ियों के आवागमन के विरोध में क्षेत्रीय लोगों के साथ धरने पर बैठे सपा नेता अमन यादव ने सोमवार देर रात 11 बजे आंदोलन समाप्त कर दिया। नगर निगम के अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरनारत लोगों और प्रशासन के बीच सहमति बनी। तय हुआ कि आवश्यक स्वीकृति मिलने तक भारी कूड़ा गाड़ियां दिन के समय इस मार्ग से नहीं गुजरेंगी। उनका आवागमन रात में ही कराया जाएगा।
धरनास्थल पर लोगों ने मांग उठाई कि भारी कूड़ा गाड़ियों को संत रविदास मंदिर के संकरे रास्ते से हटाकर निर्धारित राजमार्ग से संचालित किया जाए। उनका कहना था कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। मार्ग पर जाम की स्थिति बनने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
एनएचएआई को पत्र भेजने की दी जानकारी
धरनास्थल पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने अपर नगर आयुक्त कार्यालय से जारी पत्र दिखाते हुए बताया कि भारी कूड़ा गाड़ियों को टोल प्लाजा से निर्बाध आवागमन की सुविधा दिलाने के लिए टोल पास जारी कराने के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र भेजा गया है। आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी और संत रविदास मंदिर के संकरे रास्ते से उनका आवागमन बंद कराया जाएगा।
स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे लोग
सपा नेता अमन यादव ने कहा कि मंदिर मार्ग काफी संकरा है और यहां से भारी कूड़ा गाड़ियों के गुजरने से लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को देखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य नगर निगम के कामकाज में बाधा डालना नहीं, बल्कि जनता को जाम और दुर्घटनाओं की आशंका से राहत दिलाना है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया, लेकिन क्षेत्रीय लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग जारी रखने की बात कही। धरने के दौरान लाल बहादुर यादव, रवि यादव, सुनील, वीरेंद्र, गोलू, मठलू समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।