राजातालाब तहसील में खुला प्रेरणा कैंटीन और मार्ट, महिलाओं को मिलेगा रोजगार
वाराणसी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत राजातालाब तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से प्रेरणा कैंटीन और प्रेरणा मार्ट की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आय और आजीविका के साधनों को मजबूत करना है।
प्रेरणा कैंटीन में तहसील परिसर में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को खानपान की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि प्रेरणा मार्ट के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार एवं उपलब्ध कराए जाने वाले उत्पादों को बाजार मिल सकेगा। इससे समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।
कैंटीन और मार्ट का संयुक्त रूप से शुभारंभ सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, रोहनिया विधायक प्रतिनिधि रीना पटेल, उप जिलाधिकारी राजातालाब, तहसीलदार राजातालाब और खंड विकास अधिकारी आराजी लाइन ने किया।
कार्यक्रम में विकासखंड आराजी लाइन के सहायक विकास अधिकारी ग्राम विकास, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं, तहसील कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला समूहों की इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।